Meerut News: कुट्टू का आटा खाने से पचास से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार

अस्पताल में भर्ती लोग

Meerut: नवरात्र जैसे पावन अवसर पर भी मिलावट खोर बाज नही आ रहे हैं। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गौतम नगर में कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने से करीब पचास लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सभी ने एक ही दुकान से कुट्टू का आटा लिया था। आरोपी दुकानदार को हिरासत में लिया गया है।

व्रत के दौरान मोहल्ला गौतम नगर और गणेशपुरी के कई परिवारों के लोगों ने बुधवार रात कुट्टू के आटे का सेवन किया था। रात के समय उनमें से कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर आना उल्टी और अन्य परेशानियां हुईं। उन्हें आसपास के चिकित्सकों से प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

कई की तबीयत सुबह अधिक बिगड़ी, उन्हें निजी अस्पतालों और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में भर्ती रीना ने बताया कि उन्होंने रात को कुट्टू से बना पकौड़ी खाई थी। उन्हें चक्कर आ रहे थे। सुबह उल्टी हुई इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गौतम नगर के पास बसे गणेशपुरी की ही राखी और उनकी बेटी को भी भर्ती कराया गया। गौतम नगर निवासी सुभाष की बेटी और पत्नी की भी तबीयत खराब है। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि रोगियों की हालत खतरे से बाहर है।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ. अनुराग तोमर ने कहा कि पुराना और मिलावटी कुट्टू सेहत को नुकसान पहुंचता है। कुट्टू गर्म भी होता है। इस मौसम में इसके स्थान पर व्रत में व्रत में अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करें तो बेहतर है।

Leave a Reply