UP: लड़की के साथ झाड़ियों में बैठा था युवक, शिकारियों ने जंगली सूअर के शक में मार दी गोली

पुलिस गिरफ्त में आरोपी

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के पतखिरना गांव में तीन दिन पूर्व हुई युवक की हत्या के मामले में सोमवार को पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि मृतक युवक एक लड़की के साथ झाड़ियों में बैठा था। दूसरी तरफ कुछ शिकारी जंगली सूअर का पीछा कर रहे थे। झाड़ियों में सुगबुगाहट होने पर शिकारियों ने गोली चला दी जो उस युवक को लगी और उसकी मौत हो गई। वहीं छर्रे लगने से लड़की भी घायल हो गई। शिकारी जब मौके पर पहुंचे उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और वे मौके से भाग गए।

एएसपी ऑपरेशन त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पतखिरना निवासी शंकर गोंड का तीन दिन पहले झाड़ियों में शव मिला था। उसके शरीर पर नुकीले हथियार से चोट के निशान मिलने पर मृतक के पिता राजपाल गोंड की तहरीर पर 31 मार्च को तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एसओ अमित सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की के खुलासे के लिए लगी थी।  सुराग के आधार पर सोमवार सुबह पुलिस ने पतखिरना गांव  निवासी गोविंद बैगा और शिवनारायण को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि 30 मार्च को दोनों जंगली सूअर का शिकार करने गए थे। जंगल में एक सूअर का पीछा करते हुए उन्होंनेफायर किया, लेकिन वह भाग गया। इसी दौरान उन्हें नाले के पास झाड़ियों में कुछ हलचल दिखाई दी। उन्होंने सोचा की झाड़ियों में सुअर छिपा है। उन दोनों ने फिर से गोली दाग दी। यह गोली झाड़ियों के पीछे मौजूद शंकर को लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। शंकर जंगल में लकड़ी काटने गई गांव की एक लड़की के साथ था। छर्रा लगने से वह लड़की भी घायल हो गई।

दोनों जब शिकार लेने वहां पहुंचे तो शंकर को मृत देख सन्न रह गए। इसी बीच जख्मी लड़की वहां से फरार हो गई थी। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बारूदी गन (शिकार में उपयोग आने वाला) भी बरामद हुआ। 

Leave a Reply