UP: भाजपा नेता के 11 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या, वर्तमान प्रधानपति ने दिया घटना को अंजाम, गिरफ्तार

Manoj Kumar
3 Min Read
#image_title
demo pic

उत्तर प्रदेश: मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के गांव मुड़ई में बृहस्पतिवार की देर रात एक दावत कार्यक्रम में हुए विवाद में वर्तमान प्रधानपति ने भाजपा जिलामंत्री व पूर्व प्रधान के 11 साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वर्तमान प्रधानपति को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की जानकारी पर एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने  आरोपी और उसके साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बेवर थाना क्षेत्र के गांव मुड़ई निवासी भाजपा के जिला मंत्री व पूर्व प्रधान सुखराम सिंह राजपूत गुरुवार देर शाम पड़ोस के रहने वाले उपेंद्र सिंह के मंडप कार्यक्रम में गए थे। वहां वर्तमान प्रधानपति अनुपम गुप्ता, रमन, रूपेंद्र और अरविंद, पुष्पेंद्र आदि भी दावत में आए हुए थे। बताया गया कि सुखराम देखते ही इन लोगो ने सुखराम सिंह को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर इन सभी ने  सुखराम के साथ हाथपाई कर दी। इसी बीच अनुपम ने अपनी पिस्टल निकाल कर फायरिंग करना शुरू कर दिया।

गोलियों से बचकर सुखराम भागकर घर में घुस गया।  सुखराम का 11 वर्षीय बेटे सनी  छत पर खड़ा था जिसको देख अनुपम ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से सनी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए।आनन फानन में सनी को जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजन में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार, एएसपी राजेश कुमार बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने देर रात ही दबिश देकर आरोपी को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी मैनपुरी राजेश कुमार ने बताया कि दावत कार्यक्रम में विवाद के बाद घटना हुई, आरोपी को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों को भी पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। इसको लेकर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया गया कि अनुपम गुप्ता की पत्नी निकिता गुप्ता मौजूदा प्रधान है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply