यूपी: 12वीं के छात्र ने प्रधानाचार्य को स्कूल के गेट पर गोलियों से भूना, हालत नाजुक

Manoj Kumar
3 Min Read

उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले के सदरपुर थाना इलाके में दो छात्रों के बीच लड़ाई रोकने से नाराज एक छात्र ने स्कूल प्रधानाचार्य पर गोलियां बरसा दी। गोली लगने से प्रिंसिपल गंभीर रूप से घायल हो गए जिनको सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। आरोपी छात्र अपने स्कूल बैग में असलाह लेकर आया था। घटना को अंजाम देने के बाद वह आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सदरपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद कस्बे में आदर्श रामस्वरूप इंटर कॉलेज में रामसिंह वर्मा प्रधानाचार्य हैं।शुक्रवार को इंटर के एक छात्र गुरविंदर सिंह और रोहित मौर्य के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रधानाचार्य रामसिंह वर्मा ने दोनो छात्रों को डांटकर मामला शांत करा दिया, जो एक सामान्य बात है। प्रिंसिपल का डांटना छात्र गुरविंदर को बुरा लगा, उस समय वह वहां से चुपचाप चला गया।

शनिवार सुबह करीब सात बजे प्रधानाचार्य राम सिंह वर्मा विद्यालय के बाहर बन रही दुकानों पर खड़े थे। इस दौरान गुरविंदर सिंह ने अपने बस्ते में असलहा निकालकर प्रधानाचार्य के ऊपर गोलियां चला दी। पहली गोली उनको छूते हुए निकल गई। इसके बाद रामसिंह वर्मा स्कूल की ओर भागे तो गुरविंदर ने दूसरी गोली चला दी जो उनके सिर पर लगी, उसने तीसरी गोली उनके पेट पर मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर कॉलेज का स्टाफ भी मौके पर आ गया जिन्हें देखकर गुरविंदर वहां से फरार हो गया।

सरेआम प्रिंसिपल को गोली मारने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रामसिंह को बिसवा सीएससी में भर्ती कराया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रधानाचार्य की हालत नाजुक बताई जा रही है। अलसुबह हुई इस घटना से हर कोई हैरान है। पूरे क्षेत्र में इस वारदात की चर्चा हो रही है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply