हिमाचल प्रदेश में सुबह 8 बजे से मतदान जारी, 68 विधानसभाओं पर 412 प्रत्याशियों का होगा भाग्य तय

Manoj Kumar
2 Min Read

हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज सुबह 8 बजे से विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है जो शाम पांच भी तक चलेगा। प्रदेश के करीब 56 लाख मतदाता 24 महिलाओं समेत 412 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत आज ईवीएम में कैद कर देंगे। राज्य में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इनमें 2854945 महिलाएं और 2737845 पुरुष तथा 38 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान के लिए उन प्रवासी मतदाताओं को मूल पासपोर्ट दिखाना होगा, जो पासपोर्ट विवरण अनुसार जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाता सूचियों में शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं से आज विधानसभा चुनाव में भाग लेने का अनुरोध किया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वोटिंग से पहले परिवार सहित मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है। हिमाचल की देवतुल्य जनता आज अगले पांच सालों के लिए अपना निर्णय करने वाली है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मेरा लोगों से अनुरोध है कि मतदान के लिए जरूर जाएं। आप ज्यादा से ज्यादा वोट डालें। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं। पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। जय हिंद। जय हिमाचल।”

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply