मध्य प्रदेश: रीवा में बस और ट्रक की भीषण भिडंत में 15 की मौत, 40 से ज्यादा घायल,

Manoj Kumar
3 Min Read

संवाददाता: धर्मेंद्र मिश्रा

मध्य प्रदेश: रीवा जिले में एमपी-यूपी की सीमा को जोड़ने वाले नैशनल हाईवे 30 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 40 लोग घायल हुए हैं। ये सभी मजदूर बस द्वारा जबलपुर से दिवाली मनाने प्रयागराज अपने घर जा रहे थे, बस में लगभग 100 यात्री सवार थे। घटना की जानकारी पर सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायल हुए लोगों को अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। घटना पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दुःख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, लगभग 100 मजदूरों से भरी एक बस शुक्रवार की रात जबलपुर से चलकर प्रयागराज जा रही थी। बताया जा रहा है कि दीपावली का त्यौहार मनाने बस में सवार होकर यात्री अपने घर जा रहे थे। इस बीच यात्री बस पहले कटनी पहुंची। इसके बाद बस सवारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए रवाना हुई। जैसे ही बस रीवा के सोहागी पहाड़ पहुंची तो अनियंत्रित होकर गिट्टी से भरे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही बस पलट गई। इस दौरान बस के बोनट और आगे की सीट पर बैठे सभी यात्रियों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मौके पर तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी नवनीत भसीन भी घटना स्थल पहुंचे। घटना के बाद से पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस की मानें तो मृतकों में सभी यात्री उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के रहने वाले हैं, जिनके परिजनों को खबर करने के लिए अभी प्रशासनिक टीम उनकी तलाश कर रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रीवा जिले में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। चौहान ने शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और बताया कि हादसे में जिन यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके पार्थिव शरीर अभी त्योथर में रखे हुए हैं, मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें ससम्मान प्रयागराज पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति सुरक्षित हैं या कम घायल हैं, उन्हें फर्स्ट एड दे कर रात को ही दो बसों के माध्यम से प्रयागराज पहुंचाया गया है। ऐसे यात्री जो गंभीर रूप से घायल है उनका इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply