मेरठ: किठौर में तेंदुए के हमले में बाइक सवार युवक घायल, क्षेत्र में फैली दहशत

2 Min Read

मेरठ जिले के किठौर थाना अंतर्गत खादर क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। तेंदुए के हमले से घबराया युवक बाइक सहित नीचे गिर गया। इसी बीच पीछे से आई एक बुलेट बाइक की लाइट को देखकर तेंदुआ गुर्राता हुआ झाड़ियों में चला गया। बुलेट सवारों ने घायल युवक को उसके घर पहुंचाया। जिसके पश्चात परिजनो ने घायल का उपचार कराया। हमले से युवक बुरी तरह घबराया हुआ है।

जानकारी के अनुसार, किठौर थाना क्षेत्र के भगवानपुर खादर निवासी कोमल पुत्र बलबीर सिंह ने बताया कि उसने किला परीक्षित गढ़ में जिम खोला हुआ है। शुक्रवार देर शाम लगभग 9:30 बजे कोमल अपने घर लौट रहा था जब वह नदल्लीपुर वन विभाग की चौकी के पास पहुंचा तो झाड़ियां में से निकले एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए का पंजा उसके पैर में लगा जिससे वह घायल हो गया। हमले से घायल और भयभीत कोमल बाइक से गिर गया।

युवक ने बताया कि इसी बीच पीछे से आए बुलेट बाइक की लाइट देख तेंदुआ गुर्राते हुए धीमे-धीमे कदमों से वन की तरफ लौट गया।  बुलेट सवारों ने उसको उसके घर पहुंचाया। परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया। तेंदुए के हमले से युवक पूरी तरह घबराया हुआ है।

डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि वन सेंचुरी क्षेत्र में तेंदुआ होना कोई बड़ी बात नही है यह उसका क्षेत्र है। हालांकि अभी तक सेंचुरी क्षेत्र में तेंदुए द्वारा हमला करने की कोई जानकारी नहीं मिली है। विभाग के कर्मचारी जांच पड़ताल में जुटे हुए है। पूर्ण पुष्टि के पश्चात ही कुछ कहा जा सकता है।

Share This Article
Exit mobile version