पश्चिमी यूपी में माहौल बिगाड़ने की साजिश: बागपत में मस्जिद पर लिखा ‘जय श्री राम,’ मेरठ में भी पहुंचाया था दो धार्मिक स्थलों को नुकसान

Manoj Kumar
2 Min Read

मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अराजक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। जिसके चलते पिछले कुछ दिनों में मेरठ जिले में दो अलग अलग जगहों पर धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ की गई। मेरठ के बाद बागपत जिले में मस्जिद के मुख्य दरवाजे और दीवारों पर जय श्री राम लिखकर धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश की गई है। इन सभी कृत्यों से संप्रदाय विशेष के लोगों में रोष व्याप्त है। इस तरह को घटनाओं पर प्रशासन को अंकुश लगाना चाहिए वरना ऐसी घटनाएं बड़ा बवाल करा सकती हैं।

बागपत जिले में  कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कलां गांव में अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। अराजक तत्वों ने गांव की बड़ी मस्जिद के मुख्य दरवाजे और दीवारों पर कई जगह जय श्री राम लिख दिया। शुक्रवार की सुबह मस्जिद पर जय श्री राम लिखा मिलने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने रोष प्रकट किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दीवारों पर पुताई कर दी। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आपको बता दें कि इससे पहले मेरठ जिले के मवाना थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे पर स्थित एक ईदगाह की गुंबदों को तोड़ दिया। सूचना पर समुदाय विशेष के लोगो ने हंगामा किया। जैसे तैसे पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगो को समझा बुझाकर शांत किया। जिसके पश्चात दो दिन पहले किला परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अगवानपुर के समीप दो धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ कर दी। शुक्रवार को सीओ सदर देहात प्रमोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे, जहां ग्राम प्रधान नुरुल्लाह खान सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे ईदगाह की बुर्जी नहीं लगने देंगे। घटना को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में रोष बना हुआ है।

Share This Article