मेरठ: प्रेमिका का गला रेतकर किया घायल, तीन साल के बेटे की हत्या कर शव खेत में दफनाया

Manoj Kumar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के ब्रज विहार कॉलोनी में रविवार शाम प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का धारदार हथियार से गला रेतकर तीन साल के बेटे को लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। छानबीन में पता चला कि आरोपी ने चंद ही घंटों बाद मासूम बच्चे की हत्या कर उसके शव को खेत में दफना दिया। सोमवार सुबह पुलिस को बच्चे का शव बरामद हुआ। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शादीशुदा महिला का पड़ोसी युवक से काफी समय से प्रेम-प्रसंग
चल रहा था। महिला का पति दूसरे शहर में नाैकरी करता है। रविवार को महिला अपने तीन साल के बेटे के साथ मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम करीब साढ़े सात बजे महिला परतापुर फ्लाईओवर के पास ब्रज विहार कॉलोनी में प्रेमी से मिलने पहुंच गई। किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान प्रेमी ने किसी धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया और उसके तीन साल के मासूम को अपने साथ उठाकर ले गया।

लहूलुहान हालत में महिला दौड़ती हुई मदद के लिए चिल्लाने लगी। महिला ने अपना नाम-पता बताते हुए सड़क पर टहल रहे लोगो से कहा कि युवक ने मेरा गला काट दिया है। इसके बाद वह नीचे गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे मेडिकल रेफर कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि दो माह पहले दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए महिला ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन कुछ देर बाद ही शिकायत वापस ले ली थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि सोमवार सुबह पुलिस ने बच्चे का शव एक खेत से बरामद किया है। वहीं आरोपी प्रेमी फरार है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है।

Share This Article