फोटो साभार सोशल मीडिया

उत्तर प्रदेश: बलिया में सोमवार सुबह माल्देपुर संगम घाट पर मुंडन संस्कार के लिए गंगा पार जा रही 30 से ज्यादा सवारियों से भरी नाव गंगा में डूब गई। स्थानीय नाविकों और पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला है वहीं तीन महिलाओं के शव बरामद हुए हैं। 20 से ज्यादा लोगों के लापता होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के  माल्देपुर संगमघाट पर सोमवार को मुंडन संस्कार के लिए हजारों की भीड़ जुटी। मुंडन संस्कार के लिए गंगा पार जा रही थी।नाव चालक ने अधिक कमाई करने के चक्कर में नाव में क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर गंगा पार कराने लगा। बताया गया की छोटी नाव में 30 से अधिक लोग मौजूद थे। नाव अभी कुछ दूर पहुंची थी कि अचानक नाव ओवरलोड होने के कारण बैठ गई।

नाव को डूबता देख घाट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात जवानों और स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए छोटी नाव से डूब रहे लोगों को बचाया। जिनमे से तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि नदी से निकाले गए लोगों में से तीन महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से कोहराम मचा है। घाट किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी है। डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि छोटी नाव पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। उन्होंने 3 महिलाओं की मौत की पुष्टि की हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए दुःख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए, साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा है।

Manoj Kumar