सहारनपुर में यमुना नदी में नहाने गए दो सगे भाईयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों को नदी में डूबते हुए ग्रामीणों ने बचाने का प्रयास किया। दोनों भाईयों को नदी से निकालकर प्राइवेट चिकित्सक के पास लेकर गए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मामला थाना गंगोह के गांव कुंडाकला का है।
थाना गंगोह के कुंडाकला के गुलफाम का बेटा समद (15), आहद (12) और गुलजार का बेटा अनस (8) तीनों खेत से घास लेने के लिए जा रहे थे। गांव लखनौती में यमुना पार करके जा रहे थे। लेकिन भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए तीनों यमुना नदी में नहाने के लिए चले गए। नहाते हुए छोटा भाई आहद गहरे गढ्ढ़े में डूबने लगा। तभी बड़ा भाई समद उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा।
नदी में गहराई होने के कारण बड़ा भाई समद अपने छोटे भाई को बचा नहीं पाया। दोनों भाई ही नदी के गहरे पानी में समा गए। तभी दोनों को डूबता हुआ देखकर उसके साथी अनस ने शोर मचा दिया। लेकिन नदी के आसपास कोई भी दिखाई नहीं दिया। जिसके बाद 8 साल का अनस दौड़कर गांव की ओर भागा। दोनों भाईयों के डूबने की सूचना ग्रामीणों को दी।
ग्रामीण यमुना नदी की ओर दौड़ पड़े। यमुना नदी में दोनों भाईयों की तलाश की। दोनों भाईयों को नदी से बाहर निकाला। ग्रामीण दोनों भाईयों को गांव में ही एक प्राइवेट चिकित्सक के पास लेकर गए।लेकिन चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गुलफाम के 5 बच्चे थे। जिनमें से आहद और समद की पानी में डूबकर मौत हो गई है।