
14 महीनों में चौथी बार जेल बाहर आए राम-रहीम ने उत्तरप्रदेश के बरनावा आश्रम में अपना चौथा गाना लॉन्च कर दिया। खास बात यह है कि इस बार राम रहीम ने भगवा रंग की जैकेट पहनी है। साथ ही सिर पर टोपी और टी-शर्ट भी भगवा पहने हुए है। ऐसे में खुद का इंसां धर्म चलाने वाला राम रहीम अब पूरी तरह से भगवा रंग में रंग चुका है। राम रहीम अब हर सत्संग में गीता, रामायण और वेदों का जिक्र कर रहा है।
वहीं राम रहीम ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और सिख संगठनों को अपने धर्म से नशा छुड़ाने के बयान पर भी सफाई दी कि उसके बयान को तोड़ मरोड़कर दिखाया गया है। राम रहीम ने कुछ दिन पहले ऑनलाइन सत्संग में कहा था कि आप लोग केवल अपने धर्म के लोगों का ही नशा छुड़वा दो। आ जाओ खुले मैदान में, हमारा चैलेंज है। इससे आपके ही नंबर बनेंगे।
देश जवानी का गाना लांच किया
राम रहीम ने रविवार को नशे पर आधारित देश की जवानी गाना लॉन्च किया। जिसे अब डेरे की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जारी किया गया है। इस गाने की शुरुआत में ही राम रहीम भगवा रंग की गाड़ी पर आता है। टी-शर्ट भी उसी रंग की पहनी होती है। उड़ते गुब्बारों में भगवा रंग के भी हैं। इसके बाद अगले सीन में राम रहीम महरून रंग की जैकेट में गाना गा रहा है। 4 मिनट से ज्यादा के इस गाने के खत्म होने से पहले राम रहीम फिर भगवा जैकेट और टोपी में नजर आता है।
हमने किसी को चुनौती नहीं दी
राम रहीम ने सोमवार को ऑनलाइन सत्संग में नशे पर दूसरे धर्मों को दी गई चुनौती पर कहा- हमने तो कोई चैलेंज नहीं दिया हम एक चीज कह रहे थे कि भाई हमारी हाथ जोड़कर विनती है, सभी धर्मों के जो गणमान्य लोग हैं, कि हम सभी मिलकर समाज में से गंदा नशा निकाल दें। ये सोचकर ही निकाल दें कि हम अपने धर्म से ही गंदा नशा निकाल रहे हैं। वो धर्म भी बढ़ेगा और सारे समाज में खुशियां आएंगी। आओ मिलकर चलें, आओ सब मिलकर नशा छुड़ाएं। इसमें चैलेंज नाम की चीज कहां है?
14 महीनों में चौथी बार मिली पैरोल
हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम को 4 केसों में उम्रकैद की सजा है। राम रहीम को चुनावी दिनों में पैरोल मिलने का सिलसिला एक साल पहले ही शुरू हो गया है। डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम पिछले 14 महीनों में चौथी बार पैरोल पर बाहर है।
पहली बार फरवरी में आया था बाहर
राम रहीम को फरवरी 2022 के पंजाब और यूपी चुनावों में पहली बार 21 दिन की पैरोल मिली। इस दौरान राम रहीम गुरुग्राम आश्रम में रहा। राम रहीम को दूसरी बार 30 दिन की पैरोल 17 जून 2022 में मिली तो वह यूपी के बरनावा आश्रम में रुका।
तब वह पहली बार रिकॉर्डिड वीडियो के माध्यम से करीब साढ़े 4 साल बाद प्रेमियों के सामने आया। अक्टूबर 2022 में राम रहीम फिर से 40 दिन की पैरोल पर आया। राम रहीम अब तक 3 गाने लांच कर चुका है। जो साल 2022 में 24 अक्टूबर, 6 नवंबर और 24 नवंबर को जारी किए गए।