बिजनौर: आंगन में बर्तन गिरने पर बंदर समझकर भगाने दौड़ी महिला, दरवाजा खोला तो सामने खड़ा था बाघ

446
world tiger day6811899095004056823jpg

बिजनौर: कालागढ़ के कार्बेट टाइगर रिजर्व के बाघ वनों से निकलकर आबादी की ओर आकर घरों में भी घुसने लगे हैं। बाघो के घरों में आने से नागरिकों को खतरा पैदा हो रहा है। वन विभाग ने वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की बात कही है। वहीं वन विभाग की गश्ती टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

दरअसल, केन्द्रीय कालोनी निवासी सुखदेव सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी रसोई में कुछ काम कर रही थी। उसे आंगन में बाल्टी और अन्य चीजों आदि गिरने की आवाज आई। उसने सोचा कि शायद बंदरों का झुंड उत्पात मचा रहा होगा। वह दरवाजा खोलकर बाहर आई तो आंगन में एक बाघ खड़ा था। उसे देखकर महिला भयभीत हो गई और भागकर दरवाजा बंद कर लिया। मौहल्ले वालो ने शोरगुल किया तब जाकर बाघ जंगल की ओर चला गया। जिसके पश्चात लोगों ने राहत की सांस ली।

कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी राकेश कुमार भट्ट का कहना है कि केन्द्रीय कालोनी में गश्ती दलों को सतर्क कर दिया गया है। गश्ती दलों को गश्त तेज करने के निर्देश  दिए हैं। उन्होंने कहा हिंसक जीवों से दूरी बनाएं। दिखाई देते ही विभाग को सूचना दें। उधर बाघों के इस तरह आबादी क्षेत्र में आने से घबराए नागरिकों ने वन विभाग से आबादी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।