मनोज कुमार समाचार संपादक
हाथरस : हाथरस कांड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीबीआई जांच कराने के आदेश दे दिए हैं. बावजूद इसके राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है. रविवार को भी कई विपक्षी पार्टियों के नेता और कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार से मिलने के लिए हाथरस जाने का प्रयास किया।जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने रालोद नेता जयंत चौधरी को भी नहीं बख्शा, उनको भी कई लाठियां खानी पड़ी।
हाथरस में मीडिया से बात करते जयंत चौधरी पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
दरअसल रविवार को हाथरस सामूहिक दुष्कर्म और मौत के मामले में हाथरस पहुंचे रालोद नेता जयंत चौधरी के खिलाफ सवर्ण परिषद के लोगों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। इतना ही नहीं जब जयंत चौधरी मीडिया से बात कर रहे थे तो पुलिस ने रालोद नेता जयंत चौधरी व उनके कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।
वीडियो में देखिए पुलिस का शर्मनाक रवैया
किसी तरह रालोद नेता जयंत चौधरी को उनके समर्थकों ने घेर कर बचाया। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने जयंत चौधरी समेत पांच लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जाने दिया।
इसके बाद समाजवादी पार्टी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा है। पुलिस ने गांव के बाहर प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां बरसाईं। सपा के कार्यकर्ता बेरियर तोड़कर गांव में घुसने का प्रयास कर रहे थे।
इसके अलावा समाजवादी पार्टी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल हाथरस के चंदपा कोतवाली इलाके में स्थित बिटिया के घर पहुंच गया है।
यह प्रतिनिधिमंडल घटना की जांच कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिपोर्ट देगा। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव व अक्षय यादव, सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष जुगुल किशोर वाल्मीकि, विधान परिषद सदस्य, उदयवीर सिंह, जसंवत यादव और डॉ. संजय लाठर, छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम करन निर्मल और सपा के आगरा जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल शामिल हैं।