मनोज कुमार समाचार संपादक
मेरठ के मेडिकल कॉलेज से गंभीर हालत में भर्ती कराई गई महिला मरीज के गायब होने से हड़कंप मच गया। महिला मेडिकल से एक ही दिन में एक दो बार नहीं बल्कि 3 बार गायब हुई। उसके बावजूद मेडिकल कॉलेज प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहा है ।
दरअसल मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में गंभीर हालत में एक महिला को गाजियाबाद पुलिस ने बेहोशी की हालत में भर्ती कराया। जैसे ही महिला होश में आई तभी अपने बेड से गायब हो गई। दिन में महिला के गायब होते ही इसकी सूचना मेडिकल पुलिस को दी गई।
मेडिकल पुलिस ने महिला को बरामद कर दोबारा भर्ती करा दिया। लेकिन फिर यह महिला अपने आप गायब हो गई। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप तो मचा, लेकिन सुरक्षा में खामियों के सवाल पर सभी ने चुप्पी साध ली। यह सिलसिला इसी तरह तीन बार चलता रहा। फिलहाल मेरठ के थाना मेडिकल पुलिस ने महिला को फिर से अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
हालांकि तीसरी बार बरामद इस महिला के शरीर पर चोटों के कुछ निशान है। जिसके लिए गायनिक विभाग को जांच के लिए लगाया गया है। डॉक्टरों की माने तो अस्पताल में भर्ती महिला खुद को नेहा पत्नी विक्की निवासी बागपत अड्डा मेरठ बता रही है। हालांकि अभी वह बेहोशी की हालत में है तो उसकी बातों पर यकीन करना बेमानी है ।वहीं पुलिस महिला को मानसिक रोगी मानकर उसकी शिनाख्त में जुटी है।