
New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से एक बार फिर दर्दनाक खबर सामने आई है। नए साल के जश्न के दौरान शराब के नशे में धुत 5 कार सवार युवकों ने स्कूटी पर जा रही एक युवती को पहले टक्कर मारी और फिर इसके बाद करीब 4 किलोमीटर तक उसे सड़क पर घसीटते हुए ले गए। इस दौरान युवती के शरीर के सारे कपड़े अलग हो गए। निर्वस्त्र हालत में लड़की सड़क पर घसीटते हुए चली गई और बाद में तड़प तड़प कर उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार- रविवार दरमियानी रात 3:00 बजे कंझावाला इलाके से पुलिस को सूचना दी गई कि एक लड़की निर्वस्त्र हालत में सड़क किनारे पड़ी हुई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो लहूलुहान हालत में पड़ी हुई लड़की को अस्पताल ले जाया गया। उसके शरीर पर एक भी कपड़ा मौजूद नहीं था। डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि लड़की शादी व अन्य इवेंट में पार्ट टाइम जॉब करती थी। काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रही थी। पुलिस ने अपनी जांच बताया कि 23 साल की लड़की स्कूटी से सवार होकर अपने घर के लिए निकली थी‚ रास्ते में कार सवार पांच युवक नशे में धुत थे। जिनकी कार से लड़की की स्कूटी टकरा गई।
इसके बाद नशे में धुत इन युवकों ने कार रोकने के बजाय उसकी स्पीड तेज कर दी और लगभग 4 किलोमीटर तक लड़की को घसीटते हुए ले गए। सड़क पर घसीटने की वजह से लड़की का पूरा शरीर लहू-लुहान हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गाड़ी भी जप्त कर ली है। पुलिस ने बताया कि कार सवार लड़कों का मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि लड़के वाकई में नशे में थे या नहीं। फिलहाल पुलिस को अभी तक घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पाई है। पकड़े गए युवकों की पहचान 25 वर्षीय अमित खन्ना‚ 26 वर्षीय दीपक खन्ना‚ 27 वर्षीय कृष्णा और 28 वर्षीय मनोज मित्तल के रूप में हुई है।