गाजियाबाद: 6 माह से मायके रह रही पत्नी ने साथ चलने से इनकार किया तो पति ने चाकू से गोंदकर मार डाला

उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद जिले के घंटाघर कोतवाली क्षेत्र की आर्यनगर कालोनी में पति से झगड़े के बाद पिछले 6 महीने से मायके में रह रही 22 वर्षीय महिला की उसके पति ने चाकू से ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। हत्यारोपी अपनी पत्नी से बात करने के लिए ससुराल आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल लिए। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पुराने आर्य नगर की रहने वाली 22 वर्षीय वंशिका की शादी करीब दो साल पहले विजयनगर थानाक्षेत्र में रहने वाले नरेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही वंशिका का पति नरेश उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित करने लगा था। कई बार उसे समझाया, लेकिन उसमे सुधार नहीं हुआ। जिस कारण करीब छह माह से वंशिका मायके में रह रही थी।

बताया गया कि शुक्रवार शाम नरेश ससुराल पहुंचा और पत्नी वंशिका को साथ चलने के लिए कहा। वंशिका ने साथ जाने के लिए इंकार कर दिया। काफी देर तक ऐसा होता रहा, इसके बाद नरेश वंशिका को अकेले में बात करने के बहाने ऊपरी मंजिल पर कमरे में ले गया। नरेश ने वंशिका को कमरे में ले जाकर अंदर से कुंडी लगा ली। इसके बाद उसके पेट, गले और चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौत के घाट उतार कर मौके से फरार हो गया।

काफी देर तक वंशिका के नीचे न पर परिजनों ने ऊपर जाकर देखा तो लहूलुहान हालत में देख उनके होश उड़ गए। वंशिका के जीजा विपिन और अन्य परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि महिला के परिजनों ने पति नरेश पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply