Himachal Pradesh CM: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है। जिसके बाद उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। 11 दिसंबर को सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

उनके साथ मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। पार्टी आलाकमान ने इस फैसले पर मुहर लगा दी है। पार्टी के फैसले के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राहुल गांधी‚ सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी द्वारा जनता से जो भी वादे किए गए थे उन्हें पूरा किया जाएगा।
वहीं इस फैसले के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि उन्हें भी पार्टी का फैसला मंजूर है। आपको बता दें कि शिमला में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला‚ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई बड़े नेता मौजूद थे। इसी बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर सहमति बनी।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 8 दिसंबर को आए नतीजों में कांग्रेस ने 40 सीटों पर कब्जा किया है। जबकि पिछली बार सत्ता में रही बी जे पी को मात्र 25 सीटें ही मिल पाई हैं।