उदयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद है इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। मथुरा जिले में बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर सूरीर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सोमवार की रात एक निजी बस को हाईजैक कर चलती बस में हथियारों की मदद से यात्रियों से लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बस को रोककर आसानी से फरार हो गए।
घटना के बारे में बताया गया कि छह बदमाश दिल्ली से हमीरपुर जा रही एक निजी बस में सवार हुए। करीब 1 बजे जब यह सभी यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 88 पर पहुंचे, तो बदमाशों ने हथियार के साथ बस को हाईजैक कर लिया। बदमाशों ने सवारियों से लाखों रुपये की नकदी और गहने लूट लिए।शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके कारण भयभीत सवारियां चुपचाप बैठी रहीं। बदमाशों ने आधा किलोमीटर तक चलती बस में लूटपाट करने के बाद बदमाश आसानी से बस से उतरकर फरार हो गए। जिसके बाद बस चालक ने पुलिस को सूचना दी।
लूट की जानकारी मिलते ही आईजी नवीन अरोड़ा, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर बस के पास पहुंचे। बस को यमुना एक्सप्रेसवे मोंट टोल पर लाया गया । पुलिस ने डरी हुई सवारियों से जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की संख्या छह बताई गई है। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में हैं।