मनोज कुमार‚ समाचार संपादक
बिहार के बेगूसराय जिले में उधार में गुटखा देने को मना करने पर बदमाशों ने गुरुवार की रात दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम को भेजा है। घटना से क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के हरहर महादेव चौक पर पान दुकानदार विकास उर्फ मुंशी पुत्र सहदेव सिंह अपनी पान की दुकान पर बैठा हुआ था। उसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर आये चार बदमाश जबरन गुटखा मांगने लगे। विकास के मना करने पर बदमाशो ने विकास से मारपीट शुरू कर दी। दुकानदार से मारपीट होती देख नागदह निवासी रौशन विकास को बचाने आया तो बदमाशो ने दोनों को गोली मार दी।
घटना के बाद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किये है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर लोग दहशत में हैं।
मृतक विकास के भाई अमित कुमार ने बताया कि बदमाश अक्सर उसकी दुकान पर आकर उधार में सामान मांगते थे। पहले का भी बकाया था। बदमाश रंगदारी करते थे। गुरुवार की रात भी यही घटना हुई। विरोध करने पर उसके भाई और उसे बचाने आए रौशन को गोली मारकर हत्या कर दी।