मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमिका ने वीडियो कॉल के दौरान अपने प्रेमी के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप वीडियो कॉल के दौरान लड़की को उसके मित्र ने गालियां दीं और लड़की के चरित्र के बारे में भी उल्टा सीधा कहा। इसके बाद जब लड़की रोने लगी तो लड़के ने अपने गले में फंदा डालकर आत्महत्या की धमकी देते हुए कहा कि अगर वह चुप नहीं हुई तो वह खुद को मौत के घाट उतार लेगा। लेकिन इसके बाद मामला पलट गया और दुखी लड़की ने वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग के दौरान ही फांसी लगाकर जान दे दी।
लड़की की इस हरकत से लड़का डरकर घर से भाग गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने वीडियो भी बरामद कर लिया है, जिसमें लड़की फांसी लगाती हुई दिखाई दे रही है और युवक भी गले में फंदा डाले नजर आ रहा है। वहीं, पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
मामले में जानकारी देते हुए मुरार थाना प्रभारी अजय सिंह पवार ने बताया कि लड़की का नाम रचना यादव (16) है, वह घासमंडी की रहने वाली है। घटना के समय लड़की घर में अकेली थी, घर की तलाशी के दौरान पुलिस को बिस्तर पर एक मोबाइल मिला। इसके चलते पुलिस को पता चला कि लड़की ने वीडियो कॉल करके खुद को फांसी लगा ली थी। पुलिस ने आईटी एक्सपर्ट की मदद से लड़की का मोबाइल खोला। इसके बाद आत्महत्या का पूरा प्रकरण सुलझ गया।
फोन खुलने के बाद पुलिस को वह वीडियो भी मिला, जिसमें चिंटू यादव नाम का युवक अपनी गर्दन लटकाए हुए है। इसके साथ ही लड़की को रिकॉर्डिंग में भी देखा गया है, साथ ही वह रो रही है, कुछ समय बाद वह फंदे पर झूल गई। पुलिस ने व्हाट्सएप चैटिंग में पाया कि लड़का चैट के दौरान कई बार लड़की को गालीयाँ व धमकी दे रहा है। और चरित्र के बारे में उल्टा-सीधा बोल दिया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लड़की ने कहा कि वह आत्महत्या करने जा रही थी। इसके बाद युवक वीडियो कॉल करता है। थाना प्रभारी सिंह ने कहा कि, इस मामले में परिवार के बयानों और व्हाट्स एप चैट और वीडियो के आधार पर पुलिस युवक पर मुकदमा दर्ज करेगी।