
उत्तर प्रदेश: बदायूं में डॉक्टर ने लापरवाही की हद पार करते हुए ऑपरेशन के दौरान मरीज के पेट में कपड़े छोड़ दिए। मरीज की हालत बिगड़ी तो परिजनों ने दूसरे अस्पताल में दिखाया, तब इसका पता चला। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने डॉक्टर पर पिता का ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को भी तहरीर दी गई है।
दरअसल, नेकपुर निवासी कविता ने बताया कि उसके पिता वीरपाल सिंह का पित्त ऑपरेशन होना था। वह खुद ही बाइक चलाकर सिविल लाइंस क्षेत्र के एक हॉस्पिटल में पहुंचे तो उनको भर्ती कर लिया गया। डॉक्टर ने परिजनों की सहमति के बिना उनका ऑपरेशन कर दिया। बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान तीन कपड़े पेट के अंदर ही छोड़ दिए और टांके लगा दिए गए।
डॉक्टर की लापरवाही से उनके पिता की हालत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया। वह बरेली के निजी अस्पताल में उन्हें लेकर पहुंचीं तो पता चला कि उनका ऑपरेशन गलत किया गया है। उनके पेट में कपड़े भी छोड़े गए हैं। कविता ने पुलिस को तहरीर देते हुए डॉक्टर के खिलाफ के कार्रवाई की मांग की है।