
पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। इस बार उनकी पत्नी एंड्रिया उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी हैं। एंड्रिया की शिकायत पर कांबली के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसकी शिकायत में कहा गया है कि कांबली ने उसके साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार किया। इतना ही नहीं शराब के नशे में उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी की है। मुंबई पुलिस ने कहा कि मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बांद्रा पुलिस के अनुसार, कांबली के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 (स्वेच्छा से खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाना) और 504 (अपमान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कांबली पर शराब के नशे में अपनी पत्नी को कुकिंग पैन के हैंडल से मारने का आरोप लगाया गया है। उसने पैन पत्नी पर फेंका। इससे एंड्रिया को चोट लगी। इसके बाद उसने पत्नी को भी डंडे से मारा।
नशे में कांबली ने अपने बेटे को गाली दी
कांबली देर रात शराब के नशे में घर आया। उसने न केवल अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, बल्कि उसके बेटे के साथ भी दुराचार किया। 12 साल के बेटे ने कांबली को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। बेटे को गाली दी और फिर पत्नी को पीटा। हालांकि, एंड्रिया ने कहा है कि मामले को सुलझाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मारपीट की घटना के बाद एंड्रिया पहले भाभा अस्पताल गई। इसके बाद उन्होंने मामला दर्ज कराने का फैसला किया और थाने पहुंचीं। वहां उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी और प्राथमिकी दर्ज कराई।
ऐसा रहा कांबली का करियर
विनोद कांबली ने भारत के लिए कुल 104 वनडे और 17 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने कुल 3,561 रन बनाए। इसमें कुल छह शतक शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट में चार शतक और वनडे क्रिकेट में दो शतक लगाए। 1991 में करियर की शुरुआत करने वाले कांबली ने महज नौ साल में अपना करियर खत्म कर दिया। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2000 में खेला था, जबकि उनके साथी खिलाड़ी सचिन ने 24 साल तक देश के लिए खेला और कई रिकॉर्ड बनाए।