धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से 10 महिलाओं और तीन बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई। जबकि इस भीषण अग्निकांड में 14 अन्य लोग घायल हो गए। बताया गया कि अपार्टमेंट के फोर्थ फ्लोर पर स्थित फ्लैट में एक विवाह का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान थर्ड फोर्थ पर स्थित एक फ्लैट में जलते दीपक से आग लग गई। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।

झारखंड के धनबाद में जोड़ा फाटक इलाके के आशीर्वाद टावर में फोर्थ फ्लोर पर स्थित
सुबोध श्रीवास्तव की बेटी की शादी थी।इसी दौरान थर्ड फ्लोर पर रहने वाले पंकज अग्रवाल के घर जलता दीपक कालीन पर गिरने से आग लग गई। आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि यह आग फोर्थ फ्लोर तक फैल गई, जिससे तीन बच्चों एवं 10 महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हो गई।

मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बताया कि इस घटना में 14 अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारण का जांच के बाद ही पता लग सकेगा। झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय आनंदराव लाठकर ने बताया कि रात्रि लगभग नौ बजे तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि धनबाद के आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में आग लगने से हुई मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है। जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं। हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। साथ ही मृतकों को दो लाख और घायलों को 50 हजार मुआवजा देने की घोषणा की है।

Manoj Kumar