मनोज कुमार समाचार संपादक
अलीगढ़ में घनी आबादी के बीच एक खिलौना पिस्तौल बनाने के कारखाने में विस्फोट होने से दो सगे भाइयों सहित चार लोगों की मौत हो गई। इसमें 12 से अधिक लोग घायल हो गए।

घटना के बाद जिलाधिकारी, एसएसपी सहित पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
इस विस्फोट में आसपास के आधा दर्जन से अधिक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। रात तक मलबे में दबे सभी घायल निकाल लिए गए थे। विस्फोट के पीछे गैस सिलिंडर के फटने की बात कही जा रही है। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि आतिशबाजी बनाए जाने में इस्तेमाल किए जाने वाले पाउडर से विस्फोट हुआ है।
थाना दिल्ली गेट क्षेत्र के घनी आबादी वाले मोहल्ला खटीकान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े सुरेंद्र भीलवारे पुत्र सरदार स्वरूप सिंह का पुश्तैनी मकान है। मकान के पीछे बहुत बड़े परिसर में इनके भतीजे मनोज और संजय प्लास्टिक की खिलौना पिस्तौल बनाने का कारखाना संचालित करते हैं।
मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे कारखाने में अचानक तेज विस्फोट हुआ। जिसमें सुरेंद्र भीलवारे के मकान के साथ-साथ आसपास के कई मकानों की छतें उड़ गईं और दीवारें गिर गईं।
इस भीषण धमाके में मनोज पुत्र उमराव, विक्की पुत्र उमराव, अभिषेक पुत्र सुरेंद्र भीलवारे, मोनिका पुत्री जवाहर, कांता पत्नी जवाहर, भीम सिंह उर्फ भीमा व पंकज उर्फ तिकोनी आदि गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसपी सिटी अभिषेक के मुताबिक, मनोज (38) पुत्र उमराव, विक्की उर्फ विशाल (32) पुत्र उमराव, अभिषेक (26) पुत्र सुरेंद्र और पंकज उर्फ तिकोनी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मरने वाले मनोज व विक्की सगे भाई हैं।
एसपी सिटी अभिषेक ने बताया कि सिलिंडर फटने से विस्फोट की बात कही जा रही है लेकिन आतिशबाजी पाउडर सहित अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। जो लोग घायल हैं, उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के संबंध में सभी संबंधित विभागों को भी अवगत कराया गया है।
जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह, ने कहा
देहली गेट थानाक्षेत्र में हुए हादसे में चार लोगों की मृत्यु हुई है। घटना किस तरह के विस्फोट से हुई है, इसकी जांच की जा रही है। जो घायल हैं, उनका उपचार बेहतर से बेहतर हो, इसकी भी व्यवस्था कर रहे हैं।
